शादी समारोह में सो रहे युवक पर जानलेवा हमला

तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

देवली (सच्चा सागर)। देवली क्षेत्र के पनवाड़ में एक शादी समारोह के दौरान सो रहे युवक के साथ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पीडि़त दिनेश बैरवा पुत्र सुखपाल निवासी चांदसिंहपुरा ने देवली थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीडि़त ने बताया कि वह गत 19 अप्रैल को अपने रिश्तेदारों की शादी में शामिल होने पनवाड़ गया था। रात का खाना खाने के बाद वह छत पर अपने साथियों हेमन्त, पंकज और राजेश के साथ सो रहा था। अगली सुबह करीब 3 बजे तीन अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और सोते हुए दिनेश के साथ लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान एक आरोपी ने युवक के कान पर जोर से घूंसा मारा जिससे उसे सुनाई देना बंद हो गया। युवक के चिल्लाने पर पास सो रहे उसके साथियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। हमलावर भागते समय युवक को जान से मारने की धमकी देकर गए। वे तीनों हमलावर एक कार में सवार होकर आए थे। चोट लगने के कारण युवक अपने इलाज में व्यस्त था, जिसके चलते वह तुरंत रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सका। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उप-निरीक्षक सीताराम को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।      


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने