देवली बस स्टैंड को यथावत रखने और कृषि मंडी को विशिष्ट श्रेणी का दर्जा देने की मांग
- विनोद धर्मानी
देवली (सच्चा सागर)। व्यापार महासंघ देवली ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौपकर स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा करने की पुरजोर मांग की है। महासंघ के अध्यक्ष पंकज जैन सर्राफ के नेतृत्व में दिए गए इस ज्ञापन में दो ज्वलंत मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया है। महासंघ का कहना है कि स्थानीय बस स्टैंड को अन्यत्र स्थानांतरित करने की योजना बनाई जा रही है, जो कि पूरी तरह अनुचित है। वर्तमान बस स्टैंड परिसर में पर्याप्त जगह उपलब्ध है और इसे कहीं और ले जाने से छोटे एवं मध्यम श्रेणी के व्यापारियों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो जाएगा, जिससे पूरे शहर का व्यापार विपरीत रूप से प्रभावित होगा। महासंघ ने मांग की है कि रोडवेज प्रशासन द्वारा बस स्टैंड के लिए नई जमीन आवंटन की मांग को खारिज किया जाए और वर्तमान चालू जगह को ही रोडवेज प्रशासन को सौंपने के लिए नगर पालिका देवली को आदेश जारी किए जाएं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शहर में स्थित कृषि उपज मंडी को शहर से 7 किलोमीटर दूर स्थानांतरित कर दिए जाने के कारण स्थानीय व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो चुका है। महासंघ ने मुख्यमंत्री से लोकहित में आग्रह किया है कि बस स्टैंड को उसी स्थान पर रहने दिया जाए और शहर की कृषि उपज मंडी को गौण मंडी या विशिष्ट श्रेणी की मंडी का दर्जा देकर पुन: सुचारू रूप से चालू करवाया जाए, ताकि देवली के व्यापारियों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिल सके। इस दौरान भीमराज जैन, आशीष पंचोली, मनजीत सिंह, पुरुषोत्तम गर्ग, प्रमोद सवालका, रूपम जिंदल, सुनील सेठी, सत्यनारायण भदादा, अमित गौतम, मुकेश गोयल, मनोज शर्मा, सुनील सिंहल, मुकेश गोयल, राजीव भारद्वाज, चंद्रशेखर सोनी, राहुल, रमेश गोयल, मुकेश साहू, शिवराज तेली, सुरेंद्र डीडवानिया और विनोद साहू समेत करीब डेढ़ सौ छोटे व बड़े व्यापारी मौजूद थे।
