सांवरिया सेठ की शिला का नगर भ्रमण का रूट निर्धारित


- विनोद धर्मानी

देवली (सच्चा सागर)। सांवरिया सेठ मंदिर निर्माण समिति के तत्वावधान में क्षेत्र नवनिर्मित मंदिर के लिए आई पवित्र शिला के नगर भ्रमण का भव्य कार्यक्रम 12 मई को आयोजित किया जाएगा। इससे पहले रविवार सुबह इन पवित्र शिलाओं का शुद्धिकरण पूजन किया गया। समिति द्वारा जारी मार्ग विवरण के अनुसार यह धार्मिक यात्रा शहर के प्रमुख चौराहों और मोहल्लों से होकर गुजरेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। समिति अध्यक्ष के अनुसार 12 मई को अपरान्ह 3 बजे मंदिर से यह नगर भ्रमण शुरू होगा। जिसका आगाज हनुमान नगर कुचलवाड़ा रोड स्थित मंदिर से होगा, जहाँ से शिला रथ प्रस्थान करेगा। यहां से यात्रा राधे-राधे स्कूल होते हुए कोटा रोड की ओर बढ़ेगी। इसके बाद शिला यात्रा एजेंसी क्षेत्र से गुजरते हुए पेट्रोल पंप और शर्मा क्लासेज पहुंचेगी। श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ यह यात्रा आगे बढ़ते हुए पुलिस थाना के सामने से होते हुए जहाजपुर चुंगी नाका पर पहुंचेगी। यात्रा के दूसरे चरण में शिला रथ जगदीश धाम जाएगा। यहाँ से भ्रमण गणेश रोड होते हुए कीर मोहल्ला और अंबेडकर सर्कल, ममता सर्किल और छतरी चौराहा होते हुए पीर बाबा क्षेत्र पहुंचेगी। शहर के अंतिम छोर की ओर बढ़ते हुए यह यात्रा काला हत्था, णमोकार हॉस्पिटल और कॉलेज रोड से गुजरेगी। भ्रमण के समापन चरण में यात्रा गवर्नमेंट हॉस्पिटल मार्ग से होते हुए अपने गंतव्य स्थल कुचलवाड़ा रोड स्थित मंदिर स्थल पर पहुंचेगी। पुष्प वर्षा के साथ भगवान के स्वागत की तैयारी की गई है। शहर में कई स्वागत द्वार बनेंगे। समिति अध्यक्ष रामसिंह शक्तावत ने बताया कि नगर भ्रमण के दौरान डीजे, बैंड एवं सांवरिया सेठ के भजनों पर लोक कलाकार व श्रद्धालु नाचते हुए जाएंगे। देवली में जगह-जगह भव्य स्वागत होगा। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक यात्रा आयोजित होगी। इसके लिए समिति जुटी हुई है।      


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने