टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। बीती रात आए तेज अंधड़ और हवाओं ने कस्बे की पेयजल व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। मुख्य पंप हाउस की बिजली आपूर्ति ठप होने से शनिवार सुबह कस्बे के कई मोहल्लों में नलों में पानी नहीं पहुंचा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब नौ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने के बाद बिजली निगम की टीम ने युद्धस्तर पर कार्य कर व्यवस्था बहाल की। सहायक अभियंता मालाराम जाट ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे तेज हवाओं और अंधड़ के कारण मुख्य पंप हाउस की बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी। इसके चलते पेयजल पंपिंग पूरी तरह प्रभावित हो गई और निर्धारित समय पर जलापूर्ति नहीं हो सकी। सूचना मिलते ही बिजली निगम के कार्मिक मरम्मत कार्य में जुट गए। लगातार प्रयासों के बाद शनिवार सुबह करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई। बिजली गुल रहने से धाकड़ कॉलोनी, जैन मोहल्ला, तेजाजी चौक, मोडकिया कॉलोनी, रेबारी बाबा कॉलोनी, सुभाष कॉलोनी, सब्जी मंडी, फूट्या देवरा, इमाम चौक, देशवाली मोहल्ला, घाटी रेगरान, अंसारी मोहल्ला, खाल का ढ़ाबा सहित आस-पास के क्षेत्रों में सुबह पेयजल आपूर्ति बाधित रही। कई क्षेत्रों में लोग पानी का इंतजार करते रहे और वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लेना पड़ा। बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद जलदाय विभाग ने पंपिंग शुरू कर शाम को प्रभावित क्षेत्रों में नियमित पेयजल आपूर्ति करवाई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मौसम सामान्य रहने पर आगे जलापूर्ति व्यवस्था नियमित रूप से जारी रहेगी।
अंधड़ से पेयजल व्यवस्था प्रभावित, नौ घंटे बाद बहाल हुई बिजली आपूर्ति
0