मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए है कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी
- विनोद धर्मानी
देवली (सच्चा सागर)। जाट विकास समिति देवली के तत्वावधान में रविवार को सिरोही स्थित देहलवाल बाबा मंदिर परिसर में आयोजित जाट समाज प्रतिभावान सम्मान समारोह सामाजिक एकता, शिक्षा प्रोत्साहन और युवा जागरूकता का मंच बन गया। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 221 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के जलदाय एवं भूजल विभाग के कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी रहे। विशिष्ट अतिथि रिटायर्ड जज राजेंद्र सिंह, एडिशनल एसपी धर्मराज चौधरी, सीओ हेमराज मूंड, पूर्व प्रधान गणेश जाट, पूर्व प्रधान बनवारी जाट, लोकमत चैनल की डायरेक्टर माया चौधरी, डॉ. धनराज जाट तथा नगर पालिका पार्षद छाया चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे। समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों, राजकीय सेवाओं में चयनित युवाओं, भामाशाहों तथा समाज का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान राजस्थानी संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियों ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। समारोह में कच्ची घोड़ी नृत्य, लिलन घोड़ी नृत्य, चरी नृत्य, अलगोजा पार्टी, मसक बाजा तथा रंगारंग राजस्थानी लोकगीत एवं लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। मुख्य अतिथि मंत्री चौधरी ने कहा कि शिक्षा और संस्कार ही समाज को नई दिशा देते हैं। उन्होंने युवाओं से नशाखोरी और सामाजिक कुरीतियों से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया। मंत्री चौधरी ने देहलवाल बाबा मंदिर स्थित जाट धर्मशाला में करीब 20 लाख रुपए की लागत से डॉम निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि समाज के विकास और सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।अन्य अतिथियों ने भी अपने उद्बोधन में समाज को संगठित रहने, शिक्षा को बढ़ावा देने, बेटियों को आगे बढ़ाने, सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने तथा युवाओं को संस्कारित एवं जागरूक बनाने पर जोर दिया। जाट विकास समिति की ओर से मुख्य अतिथि को विभिन्न मांगों से अवगत करवाया गया। इनमें नेशनल हाईवे से सिरोही गांव एवं नहर वाले रास्ते से देहलवाल मंदिर तक सीसी सडक़ निर्माण, वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाने, मेला स्थल से गुजर रही हाई टेंशन लाइन को हटवाने तथा देवली में जाट छात्रावास के लिए भूमि आवंटित करवाने की मांग प्रमुख रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने की। जबकि आयोजन समिति अध्यक्ष शिवजी लाल चौधरी ने अतिथियों एवं समाज के लोगों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। मंच संचालन हिंदी व्याख्याता रामरतन चौधरी ने किया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष नानू लाल चौधरी, रामस्वरूप चौधरी, विजय सिंह चौधरी, उदालाल चौधरी, कजोड़ चौधरी, खेमराज चौधरी, बद्री चौधरी, पुष्कर चौधरी, हंसराज चौधरी, ओम चौधरी, शिवराज चौधरी, तेज प्रकाश चौधरी, लोकेंद्र चौधरी, रामलाल जाट, पोलुराम चौधरी, परशुराम चौधरी समेत उपस्थित थे।

