वार्ड-10 की समस्याओं को लेकर दो जगह सौंपे ज्ञापन


पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता और एडीएम को कराया समस्याओं से अवगत

- विशाल सैनी

टोंक (सच्चा सागर)। अविनाश गहलोत फाउंडेशन के तत्वावधान में वार्ड नं. 10 के क्षेत्रवासियों ने सोमवार को जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर दो अलग-अलग स्थानों पर ज्ञापन सौंपे। फाउंडेशन के जिला प्रभारी कमलेश सैनी के नेतृत्व में वार्डवासियों ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक एवं भाजपा विधायक प्रत्याशी अजीत सिंह मेहता को उनके निवास पर ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान मेहता ने अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर कई समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।        

25 दिन से बंद है पेयजल आपूर्ति

ज्ञापन में वार्ड-10 में बीसलपुर पेयजल आपूर्ति 25 दिनों से बंद होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही जहां पाइपलाइन नहीं है, वहां नई लाइन बिछाने, अंधेरी गलियों में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने, नियमित साफ-सफाई एवं कचरा संग्रहण व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई।    

नाला निर्माण और अतिक्रमण हटाने की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर डॉ. टीना डाबी की अनुपस्थिति में अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं नगर परिषद प्रशासक राम रतन सोंकरिया को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 603 लाख रुपए के लंबित पीडब्ल्यूडी नाला निर्माण कार्य को स्वीकृति देने, जर्जर सुलभ शौचालयों की मरम्मत, बैकुंठ धाम से गौतम छात्रावास तक सडक़ मरम्मत तथा खाल के बालाजी मंदिर से श्मशान घाट तक राजस्व रिकॉर्ड अनुसार रास्ते और नालों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की गई। कमलेश सैनी ने बताया कि सभी समस्याएं राजस्थान संपर्क पोर्टल पर ग्रिवेंस आईडी 052605226846123 के तहत दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि यदि 15 दिन में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।        

यह रहे उपस्थित

इस दौरान सोलंकी गोपाल सैनी, तुलसीराम सैनी, कमलेश हलवाई, राजू बजरिया, रामप्रसाद सोलंकी, देवेन्द्र सैनी, भागचंद सैनी, नवल सैनी, रामराज सैनी, महेंद्र सुईवाल, विष्णु मारोठिया, भागचंद सैनी उर्फ भाया, दीपक तंवर, हरी ओम सैनी, मुकेश तंवर, लखन सोलंकी, महेंद्र मारोठिया, नवरत्न हलवाई, भाया, टमुरिया मारोठिया, अभिषेक सैनी, कुलदीप सैनी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।                         


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने