अंबापुरा गांव में चोरी की बड़ी वारदात, 10 लाख से अधिक के जेवरात व नकदी पार


मालपुरा (सच्चा सागर)।
थाना क्षेत्र के अंबापुरा गांव में बस स्टॉप के पास देर रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर मकान में रखे लोहे के बक्से से करीब 10 लाख रुपए से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी पार कर ले गए। सुबह परिवार के जागने पर चोरी का पता चला तो पूरे गांव में हडक़ंप मच गया। जानकारी के अनुसार अंबापुरा निवासी कल्याण माली अपनी पत्नी के साथ घर में रह रहे थे, जबकि उनके बेटे खेत पर बने दूसरे मकान में थे। देर रात अज्ञात चोर मकान में घुसे और कमरे में रखे लोहे के बक्से को खंगालते हुए उसमें रखे कीमती जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात की भनक सुबह लगी, जब परिवार ने सामान बिखरा देखा। इसके बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मालपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल इन्वेस्टिगेशन टीम एवं एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर बारीकी से जांच की। देर रात हुई इस बड़ी चोरी की वारदात के बाद ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।    


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने