ग्रामीण सेवा शिविर में 25 साल पुराना अतिक्रमण हटाया, पात्रों को मिला योजनाओं का लाभ


टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)।
राज्य सरकार की ओर से संचालित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के तहत उपखण्ड क्षेत्र के गांव संवारिया स्थित भारत निर्माण सेवा केन्द्र में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर प्रभारी तहसीलदार राहुल पारीक ने शिविर में मौजूद सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। शिविर के दौरान ग्रामवासियों ने पिछले करीब 25 वर्षों से अवरुद्ध पड़े सिवायचक, चरागाह भूमि एवं नाले पर हो रहे अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार राहुल पारीक ने तत्काल राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा, जिसने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाया। इस कार्रवाई से ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत पात्र लोगों को लाभान्वित भी किया गया। इस दौरान गणेश जाट को आवासीय पट्टा प्रदान किया गया, जबकि बरदा जाट को पेंशन योजना के अंतर्गत पीपीओ जारी किया गया। कृषि विभाग की ओर से किसान रामकुंवार चौधरी को खेतों में रासायनिक खाद एवं उर्वरकों के अधिक उपयोग से मिट्टी की घटती उर्वरक क्षमता को लेकर जानकारी दी गई। कृषि पर्यवेक्षक रामेश्वर चौधरी ने उन्हें गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना के तहत कम्पोस्ट खाद तैयार करने के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई तथा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना में भी लाभान्वित किया। इसी दौरान समाजसेवी भामाशाह जगदीश चाड ने संवारिया आंगनबाड़ी प्रथम के लिए एक पंखा भेंट कर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया। यह पंखा सीडीपीओ विकास अधिकारी सतपाल कुमावत को सौंपा गया। शिविर में महिला पर्यवेक्षक पुष्पा शर्मा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रामधारी गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में कुल 22 विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया गया।     


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने