सच्चा सागर न्यूज नेटवर्क
सवाईमाधोपुर। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को शहरी क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नियमित टीकाकरण, किलकारी कार्यक्रम, एचपीवी वैक्सीन अभियान, लू-तापघात से बचाव, गर्भ की पाठशाला, समय पर एएनसी रजिस्ट्रेशन एवं रिपोर्टिंग सहित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेकर कमियों को दूर करने एवं लक्ष्यों की पूर्ति के निर्देश दिए गए। आशा सहयोगिनियों को अपने कार्यक्षेत्र में गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं एवं किशोरियों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा नियमित टीकाकरण व एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं को आयरन एवं जिंक की दवाइयों का वितरण भी किया गया, ताकि जरूरतमंद लाभार्थियों तक समय पर पहुंच सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर जिला समन्वयक कृष्ण कुमार गोस्वामी, किलकारी कार्यक्रम के भागीरथ शर्मा, हेल्थ मैनेजर विनोद शर्मा सहित शहरी क्षेत्र की सभी आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
