कुहाड़ा गांव में भीषण आग, कई किसानों के बाड़े व चारा जलकर राख


लांबाहरिसिंह (सच्चा सागर)।
आटोली ग्राम पंचायत के कुहाड़ा गांव में सोमवार दोपहर ढसूक रोड स्थित बाड़ों में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण नरेंद्र गुर्जर ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि करीब आठ से दस बाड़े इसकी चपेट में आ गए। बाड़ों में रखा चारा धू-धू कर जलने लगा। कुछ बाड़ों में गाय और भैंसें बंधी हुई थीं, जिन्हें ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। आग की लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया तथा पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। घटना में किसानों के बाड़े, लकडिय़ां तथा बड़ी मात्रा में चारा जलकर राख हो गया। वहीं बोदु गुर्जर की एक ट्रॉली चारा पूरी तरह जल गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आग कुछ देर और बेकाबू रहती तो आस-पास रखा अन्य चारा और कृषि सामग्री भी इसकी चपेट में आ सकती थी। घटना के बाद किसानों में नुकसान को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।     


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने