चेनपुरा में ग्राम रथ अभियान के तहत रात्रि चौपाल आयोजित


कैबिनेट मंत्री चौधरी ने सुनी जनसमस्याएं 

- रवि शर्मा   

मालपुरा (सच्चा सागर)। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने सोमवार को मालपुरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चेनपुरा में ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से संवाद किया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव मंत्री के समक्ष रखे। मंत्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और ग्राम रथ अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को उनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। रात्रि चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से जलदाय मंत्री को अवगत कराया। भीषण गर्मी के मद्देनज़र पीएचईडी मंत्री ने जनसुनवाई के दौरान जलदाय विभाग के अधिकारियों को जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध जल कनेक्शनों पर विशेष निगरानी रखने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया, ताकि आमजन को निर्बाध एवं सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। बिजली संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जनहित से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के उत्थान के लिए संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मंत्री चौधरी ने कहा हमारी सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि का मजबूत इको-सिस्टम विकसित करने के लिए कार्य कर रही है और ग्राम-2026 का आयोजन उसी दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने कहा किसान सम्मान निधि की राशि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया गया है। जलदाय मंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाते हुए प्रदेश में किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 76 लाख से अधिक किसानों को 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की गई है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बीमा क्लेम वितरित किए गए हैं तथा बीमा पॉलिसी सृजित की गई है। उन्होंने कहा राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना के तहत 1 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इस दौरान जिला कलेक्टर टीना डाबी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, अतिरिक्त जिला कलेक्टर मालपुरा विनोद कुमार मीणा, उपखंड अधिकारी कपिल शर्मा समेत अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।   


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने