बदबू से राहगीर और व्यापारी परेशान
देवली (सच्चा सागर)। शहर के रोडवेज बस स्टैंड स्थित सार्वजनिक गौशाला के समीप बरसाती नाले की सफाई के बाद निकाला गया कचरा आमजन के लिए समस्या बन गया है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने बताया कि नगरपालिका द्वारा नाले से निकाला गया मलबा पिछले तीन-चार दिनों से सडक़ किनारे ही पड़ा हुआ है। भीषण गर्मी के बीच इस कचरे से बदबू के कारण क्षेत्र के लोगों का जीना मुहाल है। विशेषकर जनता कॉलोनी की ओर आने-जाने वाले राहगीरों और गौशाला आने वाले श्रद्धालुओं को इस सड़ांध से गुजरना पड़ रहा है। इसी तरह की स्थिति एजेंसी एरिया में हायर सेकेंडरी स्कूल की दीवार के पास भी बनी हुई है, जहां पिछले कई दिनों से कचरे के ढेर जमा हैं। हालांकि स्थानीय लोगों ने नाला सफाई के अभियान को नगरपालिका का सराहनीय कदम बताया है, लेकिन साथ ही यह मांग भी उठाई है कि कचरा निकालने के तुरंत बाद उसे वहां से हटाया जाना चाहिए। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सफाई के एक-दो दिन के भीतर मलबे का निस्तारण न होने से गंदगी वापस फैलने का डर रहता है और बदबू खतरा रहता है।
