अन्यत्र जगह निर्माण की उठाई मांग
लांबाहरिसिंह (सच्चा सागर)। मोरला ग्राम पंचायत में राजकीय पशु चिकित्सालय भवन निर्माण कार्य शुरू होते ही ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर प्रशासक को ज्ञापन सौंप उक्त जगह का पट्टा निरस्त करने की मांग की। ग्रामीण हंसराज गुर्जर, बजरंग लाल खाती बैजनाथ नाड़, रिद्धकरण खाती, भंवर वैष्णव, गणेश माली, रामप्रताप जाट, शिवराज माली, धर्मा जाट,नाथूलाल खाती, नाथू लाल शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा तालाब के पास सातों बहनों मंदिर के पास पड़ी जमीन का ग्रामीणो की जानकारी के बिना राजकीय पशु चिकित्सालय का पट्टा 2020 में जारी कर दिया था। जिसकी जानकारी तब चली जब पशु चिकित्सालय नवीन भवन निर्माण के लिए 46 लाख रुपए स्वीकृत एवं टेंडर के बाद ठेकेदार द्वारा काम शुरू किया। ग्रामीणों का कहना है कि जिस जगह ग्राम पंचायत ने पशु चिकित्सालय का पट्टा दिया है।उस जगह पर सामुदायिक भवन निर्माण टीन शेड लगाएं जाने को लेकर मंत्री कन्हैयालाल चौधरी को अवगत कराया गया था। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और पशु चिकित्सालय भवन का पट्टा निरस्त कर निर्माण अन्यत्र करने की मांग की। ठेकेदार द्वारा आवंटित पशु चिकित्सालय ज़मीन पर निर्माण हेतु नींव भर दी। ग्रामीणों के विरोध के बाद ठेकेदार के द्वारा काम रोक दिया गया है । उधर ग्रामीणों ने केबीनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी को पशु चिकित्सालय भवन का निर्माण अन्यत्र जगह पर करने व इस सार्वजनिक जगह पर सामुदायिक भवन टीन शेड लगाने को लेकर दूरभाष पर अवगत कराया । ग्रामीणों ने बताया कि जहां पर पशु चिकित्सालय का आवंटन पट्टा बना है वहां पर ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के माध्यम से सामुदायिक भवन टीन शेड निर्माण का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है।
