दो आरोपी गिरफ्तार, 5.50 लाख रूपये की चांदी बरामद
मालपुरा (सच्चा सागर)। डीएसटी मालपुरा एवं पुलिस थाना डिग्गी ने त्वरित कार्यवाही करते हुए पैसों को दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 किलो चांदी की दो कनकतियां बरामद की हैं, जिनकी कीमत लगभग 5.50 लाख रूपये बताई जा रही है। थानाधिकारी डिग्गी गोपाल चौधरी ने बताया कि 19 मई 2026 को कांटोली निवासी जगदीश गुर्जर एवं हाथगी निवासी धर्मराज गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने कछुआ के नाम पर भ्रमित कर पैसे दोगुना करने एवं कम समय में अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर उनसे ₹1 लाख नकद एवं करीब 2 किलो 100 ग्राम चांदी की कनकतियां ठग ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक टोंक रोशन मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह सोलंकी एवं वृत्ताधिकारी आशीष कुमार प्रजापत के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों रामसिंह उर्फ मुकेश पुत्र प्रभूदयाल बावरिया उम्र 40 साल निवासी छोटीपडाप नैनवा पुलिस थाना नैनवा जिला बून्दी व सोनू नागर पुत्र बाबू लाल उम्र 24 साल जाति धाकड निवासी वार्ड न.19 किसान कॉलोनी नैनवा पुलिस थाना नैनवा जिला बून्दी को नैनवा जिला बूंदी से गिरफ्तार किया गया । तथा प्रकरण में अन्य साथियों एवं गिरोह के नेटवर्क के संबंध में गहन अनुसंधान जारी है।
कार्यवाही में शामिल टीम
कार्यवाही में रमेश चन्द सउनि थाना डिग्गी, नारायण लाल शर्मा सउनि डीएसटी मालपुरा, सुरेश चांवला सउनि डीसीआरबी टोंक, रामराज हेड कांस्टेबल 112 डीएसटी मालपुरा, छितर लाल हेड कांस्टेबल 286 थाना डिग्गी, जितेन्द्र कांस्टेबल 882 वृत्त कार्यालय मालपुरा (विशेष योगदान), गिर्राजप्रसाद कांस्टेबल 95 थाना डिग्गी एवं पुष्पेन्द्र कांस्टेबल 472 डीसीआरबी टोंक की विशेष भूमिका रही।
आमजन से पुलिस की अपील
थाना डिग्गी पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि कछुए के नाम पर पैसे दोगुना करने, तंत्र-मंत्र अथवा किसी भी प्रकार के चमत्कार का लालच देने वाले अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
