बनेडिया चारणान में अवैध बजरी खनन रोकने की मांग, ग्रामीणों ने कलक्टर को सौंपा ज्ञापन


टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)।
उपखण्ड की ग्राम पंचायत कंवरावास के गांव बनेडिया चारणान के ग्रामीणों सहित पंचायत प्रशासन ने क्षेत्र में हो रहे अवैध बजरी खनन और परिवहन को रोकने के लिए जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा है। पंचायत प्रशासक मंजू शर्मा, संत कुमार मीणा, रामजस मीणा, रामफूल, महेंद्र आदि ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि पंचायत कंवरावास के गांव बनेडिया चारणान में बनास नदी तन में किसी प्रकार का लीज जारी किया हुआ है, इसके बावजूद बजरी माफिया बनास नदी से अवैध रूप से बजरी खनन और परिवहन कर रहे हैं। ज्ञापन में बताया कि बनास नदी से बजरी खनन करने से नदी में 15-20 फिट गहरे गड्ढे होने तथा बनेडिया चारणान गांव बनास नदी के किनारे होने से क्षेत्र के कुओं का जलस्तर लगातार गिरता जा रहा है। कुओं का जलस्तर गिरने से किसानों की फसल, साग सब्जी आदि की सिंचाई करने में परेशानी हो गई है। वहीं बनास नदी में कुएं ढहने की स्थिति बन गई है। ज्ञापन में बताया कि बजरी माफियाओं को अवैध बजरी खनन और परिवहन करने के लिए रोकने पर मारपीट करने पर उतारू हो जाते हैं और गाली गलौज करते हैं। ग्रामीणों ने कलक्टर से अवैध बजरी खनन को रोकने तथा इन माफियाओं को पाबंद करने की मांग की है।   


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने