अमर शहीद प्रकाशचंद नायक की प्रतिमा का हुआ अनावरण
निवाई (सच्चा सागर)। गांव पराना में देश की सेवा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीद प्रकाशचंद नायक की स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए उनकी भव्य मूर्ति की स्थापना की गई, जिसका पूरे मान-सम्मान और गरिमा के साथ समारोह पूर्वक अनावरण संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, पूर्व विधायक अजीत सिंह, विधायक रामसहाय वर्मा व मण्डल अध्यक्ष बद्री नटवाड़ा ने फीता काटकर शहीद प्रकाशचंद नायक की प्रतिमा का विधिवत अनावरण करके मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य अतिथि जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने शहीद के परिवार के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि शहीद प्रकाशचंद नायक का यह बलिदान आने वाली पीढिय़ों को हमेशा राष्ट्र सेवा एवं देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। इस दौरान शहीद प्रकाशचंद अमर रहें व भारत माता की जय के गगनभेदी नारों से आस-पास को वातावरण गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर डांगरथल मंडल अध्यक्ष केदार जाट, शहीद के सुपुत्र राहुल, हनुमान कालीवाड़ा व जीएसएस अध्यक्ष भँवरलाल ने भी शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर देश के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
