पोस्टर, मॉडल व संदेशों के माध्यम से दिया स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश
निवाई (सच्चा सागर)। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राहोली में विद्यार्थियों द्वारा लू से बचाव विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने रचनात्मकता और जागरूकता का अद्भुत संगम प्रस्तुत करते हुए सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रधानाचार्य डॉ. योगेन्द्र सिंह नरूका ने बताया कि विद्यार्थियों ने आकर्षक चार्ट, पोस्टर एवं मॉडल के माध्यम से लू से बचाव के उपायों को सरल और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया। बच्चों ने खूब पानी पिएं, धूप में बाहर निकलने से बचें, हल्के व ढीले कपड़े पहनें जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को रेखांकित किया। साथ ही ओआरएस घोल, छाता, टोपी तथा मौसमी फलों के सेवन के महत्व को भी प्रदर्शित किया। कार्यक्रम प्रभारी पूजा पाटीदार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने लू लगने के लक्षणों जैसे चक्कर आना, तेज सिरदर्द, अत्यधिक प्यास लगना एवं शरीर का तापमान बढऩा की जानकारी देते हुए प्राथमिक उपचार के उपाय भी समझाए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडल एवं चित्रों ने उपस्थित सभी को जागरूक होने का संदेश दिया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल ज्ञानवर्धक होती हैं बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी बनती हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से संदेश दिया कि सावधानी रखें, सुरक्षित रहें और लू से स्वयं व अपने परिवार को बचाएं।
