वंदे गंगा अभियान के तहत भरकुआं तालाब पर स्वच्छता एवं श्रमदान, किया पौधारोपण


निवाई (सच्चा सागर)।
जल ही जीवन का मुख्य आधार है और इसके बिना समृद्ध भविष्य की कल्पना करना असंभव है। जिसको लेकर नगर पालिका के तत्वावधान में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत अधिशाषी अधिकारी मनोहरलाल जाट के सानिध्य में भरकुआं तालाब पर स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साह के साथ सामूहिक रूप् से तालाब परिसर, उसके ऐतिहासिक घाटों व प्राचीन कुओं सहित आस-पास के जल स्रोतों की साफ-सफाई की। सभी ने मिलकर कचरा व गंदगी को साफ किया, ताकि जल स्रोतों का स्वरूप निखर सके और पानी की गुणवत्ता में सुधार हो। स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पौधारोपण भी किया गया, जिससे आने वाले समय में यह क्षेत्र हरा-भरा और सुंदर स्वरूप ले सके। अधिशाषी अधिकारी मनोहरलाल जाट ने कहा कि हमारे जल स्रोतों का संरक्षण और उनकी देखरेख करना हमारी समृद्ध संस्कृति का हिस्सा तो है ही, साथ ही हमारी आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी यह बेहद जरूरी है। उन्होंने ऐतिहासिक तालाबों व कुओं की उपयोगिता को रेखांकित करते हुए कहा कि इन जल संरचनाओं की नियमित सफाई एवं रखरखाव से न केवल इनकी जल संचयन क्षमता में बढ़ोतरी होगी, बल्कि इससे हमारे आस-पास का पूरा पर्यावरण भी शुद्ध और सेहतमंद रहेगा। अधिशाषी अधिकारी मनोहरलाल जाट ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान समाज के प्रत्येक नागरिक के लिए एक प्रेरणा है, जो हमें अपनी प्राकृतिक संपदा को बचाने की सीख देता है। इस दौरान सैंकड़ों कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से साफ-सफाई के कार्य को अंजाम दिया। साथ ही आमजन को पानी की एक-एक बूंद की कीमत समझाते हुए उसे व्यर्थ न बहाने एवं भविष्य के लिए पानी बचाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य निरीक्षक गजेन्द्रसिंह, कनिष्ट अभिंयंता राजप्रतापसिंह राणावत, कनिष्ट अभियंता कमलेश कुन्थल, पवन कुमार वर्मा, कनिष्ट अभियंता नरेगा निशांक जैन, राहुल सैन, गणेश शर्मा, केदार गुर्जर, पीताम्बर इसरानी, विनोद चांवरिया, रामबाबू नकवाल, कमल संगत, नवल नकवाल, लालचन्द नकवाल व राहुल पाटन सहित मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना के श्रमिकों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण करके पारंपरिक जल स्रोतों को हमेशा स्वच्छ, सुंदर व सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया।     


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने