लांबाहरिसिंह में बाबा रामदेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू

 

निकली भव्य कलश यात्रा  

लांबाहरिसिंह (सच्चा सागर)। कस्बे के रेगरान मोहल्ले में सकल रैगर समाज के तत्वावधान में नवनिर्मित बाबा रामदेव मंदिर में लोक देवता बाबा रामदेव जी महाराज, संत शिरोमणि सतगुरु रविदास जी महाराज, गंगा मैया एवं शिव परिवार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन विधिवत रूप से शुरू हो गया है। आयोजन को लेकर समाज के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर रामदेवरा रुणिचा से समाज श्रद्धालु बाबा की जोत लेकर लांबाहरिसिंह पहुंचे। कस्बे में पहुंचने पर बाबा रामदेव मंदिर अजमेर रोड पर गाजे-बाजे और जयकारों के साथ श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए कलश यात्रा के दौरान पेयजल का टैंकर भी साथ-साथ चलाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशाल कलश यात्रा से हुई। कलश यात्रा में सुनील वर्मा ने घोड़ी ध्वज की बोली 15 हजार 101 रुपए में छुड़ाई। ज्योतिष आचार्य पूरणचंद शास्त्री ने बताया कि केशव वाटिका बालाजी मंदिर से लाए गए 101 कलशों की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद यात्रा रवाना हुई। श्रद्धालु डीजे की संगीतमय धुन पर नाचते-गाते हुए केशव वाटिका बगीची बालाजी मंदिर से मोरला रोड, मुख्य बस स्टैंड, सांड बाबा मंदिर, बाला बेरी बालाजी, मोरला दरवाजा, सीताराम बाजार, लाल फागड़ा और श्री बंशीवारा मंदिर होते हुए रामदेव मंदिर गुलगांव रोड रेगरान मोहल्ले पहुंचे। मंदिर परिसर में विष्णु नाम जप, गोपाल शरण नाम पाठ एवं सायंकाल सामूहिक आरती का आयोजन भी किया गया। आयोजन समिति के अनुसार 8 मई को सुबह 8 बजे मंदिर परिसर में हवन कुंड महायज्ञ होगा। वहीं शाम 4 बजे से श्री बाबा रामदेव, रविदास जी, गंगा मैया एवं शिव पंचायत की मूर्तियों की विशाल शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ नगर भ्रमण पर निकाली जाएगी। रात्रि में विद्वान संतों के सानिध्य में विशाल सत्संग का आयोजन भी होगा। ख्यातिप्राप्त ज्योतिष आचार्य पूरणचंद शास्त्री एवं पंडित सत्यप्रकाश शर्मा के सानिध्य में यज्ञ-हवन संपन्न कराया जाएगा। 9 मई को प्रात: 8:15 बजे मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं मंदिर शिखर पर कलश स्थापना का आयोजन होगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे महाआरती, विशाल भंडारा एवं अतिथि सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि रामसहाय वर्मा रहेंगे। इस अवसर पर शत्रुघ्न गौतम, कांग्रेस नेता जी.एल. जाट, गोपाल गुर्जर, समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष सेवानिवृत्त आईएएस बीएल नवल, रैगर महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कर्नल दुर्गालाल रैगर सहित कई गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।           


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने