अग्रवाल सेवा सदन में महिला एवं बालिका प्रशिक्षण शिविर बना आत्मनिर्भरता और प्रतिभा विकास का मंच


मालपुरा (सच्चा सागर)।
अग्रवाल समाज चौरासी महिला परिषद के तत्वावधान में अग्रवाल सेवा सदन डिग्गी में आयोजित महिला एवं बालिका प्रशिक्षण शिविर महिलाओं और बालिकाओं के लिए आत्मनिर्भरता, व्यक्तित्व विकास एवं कौशल प्रशिक्षण का प्रेरणादायी केंद्र बनता जा रहा है। शिविर में प्रतिदिन प्रात: से सायंकाल तक विभिन्न प्रशिक्षण कक्षाएँ उत्साहपूर्वक संचालित की जा रही हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएँ एवं बालिकाएँ भाग लेकर नए हुनर सीख रही हैं। शिविर में सुबह योग एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया जा रहा है, वहीं राष्ट्र सेविका समिति की सदस्य द्वारा सेल्फ डिफेंस व दंड प्रशिक्षण के जरिए बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं। इसके साथ ही कंप्यूटर एवं एआई की प्रारंभिक जानकारी देकर आधुनिक तकनीक से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। महिलाओं और बालिकाओं को सिलाई, ब्यूटी पार्लर, मेहंदी कला, पेंटिंग, डांस, कुकिंग, गिफ्ट आइटम पैकिंग सहित स्वरोजगार से जुड़ी कई उपयोगी गतिविधियों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। वहीं स्कूटी एवं फोर व्हीलर चलाने का प्रशिक्षण देकर महिलाओं को आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता की नई दिशा प्रदान की जा रही है। महिला परिषद अध्यक्ष बीना जैन, संरक्षक अनीता रांटा, कार्यक्रम संयोजक रामगोपाल जैन, मंत्री गोविंद जैन, ब्लॉक अध्यक्ष चित्रा जैन सहित परिषद के पदाधिकारियों एवं समाजजनों के सहयोग से शिविर का सफल संचालन किया जा रहा है। महिला परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को शिक्षा, संस्कार, आत्मविश्वास और कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें। इस शिविर में करीब 200 महिला व बालिका भाग ले रही है।       


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने