सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत प्राचीन शिव मंदिर में हुए धार्मिक आयोजन
निवाई (सच्चा सागर)। पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के लोकार्पण की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अंतर्गत सोमवार को मायला बाग स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से भगवान शिव की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामसहाय वर्मा उपस्थित रहे। उनके साथ निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष दिलीप इसरानी, तहसीलदार नरेश गुर्जर, एसडीएम प्रीति मीना, अधिशासी अधिकारी मनोहर चौधरी तथा भाजपा शहर अध्यक्ष नितिन जैन छाबड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भगवान शिव का विधिवत पूजन, अभिषेक एवं महाआरती की।
सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है सोमनाथ मंदिर
इस अवसर पर विधायक रामसहाय वर्मा ने कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल एक देवालय नहीं, बल्कि भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण और देश की अटूट जिजीविषा का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 गौरवशाली वर्ष हमारी उस संकल्प शक्ति के प्रतीक हैं, जिसने हर संघर्ष को पार कर राष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान को पुनर्स्थापित किया। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
नई पीढ़ी को इतिहास से जोडऩे का प्रयास
कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष और सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उद्योगपति ओम प्रकाश गुप्ता, पार्षद रामबिलास बलाई, लछमण खटाना, नरेश कसाना, घनश्याम शर्मा, ब्रजेश पंडा एवं धर्मेंद्र साहू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
