टोंक। जिला कलेक्टर टीना डाबी की अध्यक्षता में गुरुवार को लगभग साढ़े सात घंटे जिला स्तरीय मासिक जन सुनवाई चली। इसमें जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने 383 परिवाद दर्ज कराकर व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को बताया। जिला कलेक्टर ने आमजन की परिवेदनाओं की सुनवाई करते हुए विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध रुप से समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पीडि़त को राहत व संतुष्टि भी मिलें। इस दौरान देवली उनियारा विधायक राजेन्द्र गुर्जर भी मौजूद रहे। जिला कलेक्टर ने कहा कि जिन प्रकरणों का नियमानुसार समाधान किया जाना संभव नही है उसमें परिवादी को संबंधित अधिकारी द्वारा लिखित में जवाब दिया जाएं। जनसुनवाई में परिवादी बार-बार नहीं आए, इसके लिए परिवादी से दूरभाष पर बात कर समझाइश की जाएं। उन्होंने कहा कि सभी जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी जनसुनवाई में आए प्रकरणों का स्वंय रजिस्टर में संधारण करें। इससे प्रकरणों को टेऊक किया जा सकेगा। अधिकारी प्रकरणों को अनावश्यक लंबित नहीं रखें। परिवादी को स्पष्ट एवं स्थाई समाधान देकर राहत प्रदान करें। जिला कलेक्टर के समक्ष ब्लॉक उनियारा के ग्राम रघुनाथपुरा के ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई की श्मशान भूमि के रास्ते पर अतिक्रमण हटाया जाएं। जिला कलेक्टर ने एसडीओ देवली, उनियारा बीडीओ ओर नगरफोर्ट तहसीलदार को आपसी समन्वय बनाकर अतिक्रमण बनाने के निर्देश दिए। निवाई ब्लॉक के ग्राम जामडोली में आम रास्ते पर बार-बार अतिक्रमण करने की शिकायत पर निवाई तहसीलदार नरेश गुर्जर ने बताया कि उनके द्वारा दो बार अतिक्रमण हटाया जा चुका है। जिला कलेक्टर ने उपखंड अधिकारी निवाई अजीत राठौड़ को अतिक्रमियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही अमल में लाने के निर्देश दिए। ग्राम वनस्थली से आए ग्रामीणों ने वनस्थली विद्यापीठ के पीछे स्थित बस्ती में बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की गुहार लगाई। जिला कलेक्टर को ग्रामीणों ने बताया कि विगत बारिश में वहां बाढ़ जैसे हालात हो गए थे। जिला कलेक्टर ने एसडीओ निवाई को मौका देखकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया। जनसुनवाई में बहीर टोंक निवासी कालूराम सैनी ने पेयजल समस्या, ग्राम छान निवासी शंकरलाल, कुहाड़ा के मनराज, देवली के भंवर गोविन्द सिंह ने पटटा बनवाने, हथौना के रामकरण, पवालिया के विमला साहू एवं फतेहगंज के कृष्ण कुमार ने नामान्तरण खुलवाने, ब्लॉक उनियारा के पालड़ा निवासी हनुमान, पीपलू डोडवाड़ी के श्रीराम ने सीमा ज्ञान कराने, गोलडूंगरी टोंक की संतोष देवी, लाम्बाकलां के प्रभुलाल गुर्जर, बिचपुड़ी के हरिनारायण ने पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रार्थना पत्र दिए। देवली ब्लॉक के गुराई से आए कमलेश नागर ने पत्थरगढ़ी कराने, ग्राम चेनपुरा की उषा देवी ने खाद्य सुरक्षा का लाभ दिलाने, ग्राम सदापुरा के छीतर लाल ने फसल मुआवजा दिलाने, टोंक शहर के अस्तल रोड निवासी राम निवास ने विद्युत लाइन शिफ्ट करने, ग्राम बिलोता के रामदयाल ने द्विव्यांग पेंशन दिलाने, और सईदाबाद के हेमराज ने द्विव्यांग प्रमाण पत्र दिलवाने की गुहार लगाई। इस दौरान नगर परिषद की ओर से बड़ी संख्या में पहुंचे फरीयादियों के लिए भीषण गर्मी को देखते हुए कूलर, पंखे ओर शीतल पेयजल के इंतजाम किए गए। जन सुनवाई में एडीएम रामरतन सौकरिया, एडीएम मालपुरा विनोद कुमार मीना, एडीएम बीसलपुर भूपेन्द्र यादव, एसीईओ ललित कुमार, एसडीओ टोंक हुक्मीचंद रोहलानिया, पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय मिश्रा समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे तथा ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।
