- भगवान गौतम
रानोली (सच्चा सागर)। निवाई-डिग्गी सडक़ मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने 27 वर्षीय मयूर शर्मा की जान ले ली। इस घटना के बाद मृतक के गांव प्यावड़ी और ससुराल पक्ष में कोहराम मच गया है। बाइक से गांव लौटते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, प्यावड़ी (पीपलू) निवासी मयूर शर्मा (27) पुत्र विजेंद्र शर्मा गुरुवार को निवाई से अपने गांव की ओर जा रहे थे। रास्ते में गुड्डा आनंदपुरा गांव के पास चिलरिया भेरुजी (गुड्डा भेरुजी) के समीप उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में मयूर के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
निवाई से जयपुर तक संघर्ष, लेकिन नहीं बच सकी जान
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत निवाई के राजकीय अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद मयूर की चिंताजनक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल रेफर कर दिया। जयपुर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में देर रात तक इलाज चला, लेकिन घावों की गंभीरता के चलते मयूर ने दम तोड़ दिया।
मासूम बेटे के सिर से उठा पिता का साया
पत्रकार भागचंद शर्मा ने भारी मन से बताया कि मृतक मयूर शर्मा उनके दामाद थे। मयूर अपने पीछे पत्नी हेमलता शर्मा और 5 वर्षीय मासूम बेटे कुणाल को छोड़ गए हैं। 27 साल की अल्पायु में हुई इस मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। छोटे से बच्चे कुणाल के सिर से पिता का साया उठने की खबर जिसने भी सुनी, उसकी आँखें नम हो गईं। इस दु:खद घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
