छात्राओं ने दिया स्वगणना का संदेश
मालपुरा (सच्चा सागर)। जनगणना 2027 के तहत आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को नगर पालिका मालपुरा द्वारा एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मालपुरा की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वगणना का संदेश दिया। यह रैली सुभाष सर्कल से शुरू होकर व्यास सर्किल होते हुए जयपुर रोड स्थित वीर सावरकर सर्किल तक निकाली गई। रैली के दौरान छात्राओं ने नारों के माध्यम से आमजन को जनगणना में भाग लेने और सही जानकारी देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर नगर पालिका मालपुरा के अधिशासी अधिकारी रामजीत चौधरी, प्रशासनिक अधिकारी जयनारायण जाट, मोहित विजय, विद्यालय के प्रिंसिपल महावीर प्रसाद जैन सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। अधिकारियों ने जनगणना को देश के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की। रैली के माध्यम से शहरवासियों को जनगणना के महत्व और स्वगणना प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया गया, जिससे अधिक से अधिक लोग इसमें सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
