बच्ची का बर्थडे बना पर्यावरण सेवा का पर्व, 6 वर्षीय आर्या ताखर ने लगवाए 51 पौधे
रजवास (सच्चा सागर):
जहाँ आजकल बच्चे जन्मदिन पर केक-पार्टी और गिफ्ट्स में व्यस्त रहते हैं, वहीं टोंक जिले के रजवास गांव की 6 वर्षीय आर्या ताखर ने एक अनोखी मिसाल पेश की है। आर्या ने अपने जन्मदिन पर खर्च होने वाले पैसों से 51 पौधे लगाकर पर्यावरण के प्रति अपनी जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय दिया।
आर्या ने ये सभी पौधे रजवास गांव स्थित नृसिंह बाबा मंदिर प्रांगण में लगाए। लगाए गए पौधों में नीम, जामुन, पीपल, बड़, अमरूद, नींबू, चीकू और अशोक जैसे फलदार और छायादार पौधों को शामिल किया गया है। इस पहल में परिवार और ग्रामवासियों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
आर्या के इस कदम से न सिर्फ गांव में हरियाली बढ़ेगी, बल्कि समाज को यह संदेश भी मिलेगा कि छोटे बच्चे भी पर्यावरण संरक्षण में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। आर्या ने कहा कि वह हर साल अपने जन्मदिन पर पौधे लगाएगी और अपने दोस्तों को भी इसके लिए प्रेरित करेगी।
गांव के बुजुर्गों और पंचायत प्रतिनिधियों ने आर्या की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी यदि इसी तरह जागरूक हो गई तो आने वाले समय में पर्यावरण की बड़ी समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा।