शहर की प्रताप कॉलोनी में तलवार, कुल्हाड़ी से हमला, बीच-बचाव में चार पुलिसकर्मी घायल, राजकार्य बाधा का मामला दर्ज
आशीष बागड़ी
देवली। शहर से सटी प्रताप कॉलोनी में रविवार रात दो पक्षों के विवाद को लेकर लाठी, भाटा, तलवारों की जंग हुई। उक्त घटना से कॉलोनी में सनसनी मच गई। वहीं सूचना पर पहुंची थाना पुलिस को विवाद खत्म करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान बीच बचाव में थाना पुलिस के चार पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं। पुलिस ने प्रकरण में राजकार्य बाधा, पुलिसकर्मी से मारपीट सहित दो प्रकरण पंजीकृत किए है। वहीं मामले में 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से धारदार हथियार सहित बंदूक भी बरामद की गई है।
थाना प्रभारी राजेंद्र खंडेलवाल ने बताया कि मामले में पुलिस ने चेतन प्रकाश रेगर, वीरेंद्र (चिंटू), हेमेंद्र (रॉकी), जितेंद्र (जीतू) व चेतन की पत्नी मीरा को गिरफ्तार किया है। उक्त सभी आरोपी एक ही परिवार के हैं। उन्होंने बताया कि बीती रात देवली पुलिस को टोंक स्थित अभय कमांड से उक्त आशय की सूचना मिली। इस पर थाना प्रभारी राजेंद्र खंडेलवाल सहायक उपनिरीक्षक रामजीलाल, ड्यूटी ऑफिसर रंगलाल, हैडकांस्टेबल गिर्राज सिंह, सहित मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मी ने बताया कि इस दौरान मौके पर पांचों जने शराब के नशे में धुत थे। जिन्होंने चेतन प्रकाश के रिश्ते में साले जयकिशन के घर पर हमला किया। पुलिस ने बताया कि विवाद हेमेंद्र की ओर से जयकिशन की दुकान पर जाकर गुटका मांगने को लेकर हुआ। इसके बाद सभी पांचों आरोपी नाराज होकर तलवार, कुल्हाड़ी, बेसबॉल के डंडा व दुनाली बंदूक लेकर जयकिशन के घर पहुंचे तथा तोड़फोड़ शुरू की। पीड़ित जयकिशन अपने परिजनों सहित मकान बंद कर भीतर बैठ गया तथा कंट्रोल रूम पुलिस को सूचना दी। इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस को सभी आरोपी हथियारों के साथ पाए गए। इसके बावजूद आरोपी आवेशित होते पुलिस ने उनको रोकने का प्रयास किया तथा स्थिति नियंत्रण की कोशिश की तो उन्होंने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया। इनमें चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं जानकारी के ।मुताबिक पुलिसकर्मी कालूराम के सिर पर मारने का प्रयास किया गया। बचाव में चोट आई है। इसी तरह पुलिसकर्मी प्यारेलाल के कंधे पर चोट आई। वहीं पुलिसकर्मी मुकेश के भी बीज बचाव में चोट आई है। वहीं आरोपियों ने पुलिस जीप के मुख्य शीशे को तोड़ने का प्रयास किया। इसे रोकने के लिए पुलिसकर्मी व जीप चालक फूलसिंह ने हाथ पकड़ा तो उनके हाथ पर भी चोट आई है। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके खिलाफ राजकार्य में बाधा पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट के मामले दर्ज किए। इसी प्रकार परिवादी की रिपोर्ट पर भी एक अन्य प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तलवार, एक-एक कुल्हाड़ी, बेसबॉल का डंडा व दुनाली बंदूक बरामद की है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। लेकिन उक्त प्रकरण से क्षेत्र में सनसनी मच गई।