आमजन से किया संवाद
टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने गुरुवार को उपखंड टोड़ारायसिंह की ग्राम पंचायत रिण्डलिया रामपुरा एवं मालपुरा की ग्राम पंचायत तिलांजू में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन किया तथा शिविर का फिडबैक लिया। इस दौरान जिला कलेक्टर टीना डाबी भी मौजूद रही। जलदाय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में आमजन को राहत पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में ग्रामीण सेवा शिविर लगाए जा रहे है। इन शिविरों में आमजन की समस्याओं के समाधान के साथ विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे राज्य सरकार की मंशा के अनुरुप प्रत्येक पात्र को लाभांवित करें। चौधरी ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए जैविक खेती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हम सभी स्वस्थ रहे, इसके लिए किसान खेतों में पेस्टीसाइड का उपयोग कम करें। इससे अनजाने में हम कई बीमारियों की गिरफ्त में आ रहे है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी कुल भूमि में से 10 प्रतिशत पर जैविक खेती करें। उसका रजिस्टेऊशन कृषि विभाग में कराएं। चौधरी ने बारिश में एक पेड़ मां के नाम के तहत अधिकाधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने टोड़ारायसिंह-मालपुरा विधानसभा क्षेत्र में अपनी ओर से 40 हजार आम के पौधे लगाने के लिए कहा। इसके लिए वे विद्यालय में पढऩे वाले छात्र-छात्राओं को यह पौधें सौपेगें। बच्चे इन्हें अपने इच्छित स्थान पर लगाकर इनकी देखभाल करें। शिक्षक इस कार्य के लिए उन्हें प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की 75 ग्राम पंचायतों की नर्सरियों में तारबंदी एवं ट्यूबवेल की सुविधा विकसित की गई है। इस क्षेत्र के किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 142 करोड़ का क्लेम मिला है। यह किसान हित में बहुत बड़ा कदम है। ग्रामीण सेवा शिविर में जलदाय मंत्री ने ओमप्रकाश, रामचरण, राधेश्याम, बालू एवं महावीर को आवासीय पट्टा आवंटन के प्रमाण पत्र सौपें। इसके साथ ही ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड, टीबी रोगियों को पोषण किट, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, मिनीकिट, सहमति से विभाजन के स्वीकृति पत्र सौपें। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम में भी शामिल हुए। चौधरी ने ग्रामीणों को शिविरों में भाग लेकर सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने पर जोर दिया। इस दौरान उपखंड अधिकारी कपिल शर्मा, विकास अधिकारी सतपाल कुमावत, महेन्द्र जैन, तहसीलदार राहुल शर्मा, पवन मातवा समैत विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

