पुलिस अधीक्षक आज करेंगे खाकी वॉरियर्स अभियान की शुरुआत
टोंक (सच्चा सागर)। सेवार्थ सुरक्षार्थ के तहत टोंक पुलिस एवं श्री कल्पतरु संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में खाकी वॉरियर्स अभियान की शुरुआत की जा रही है। इस वार्षिक कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, महिला गरिमा, महिला सुरक्षा के साथ-साथ आमजन में विश्वास पैदा करने और अपराधियों में भय पैदा करने का भाव भी जागृत होगा। अभियान के तहत सीएलजी ग्रुप, पुलिस अकादमी, गैर सरकारी संगठन, शिक्षण संस्थान, पुलिस परिसर इत्यादि को भी शामिल किया गया है। विशेष रूप से थाना परिसरों में पर्यावरण संरक्षण जैसे अनेक सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जाएगी। अभियान का विधिवत्त शुभारंभ जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय से बुधवार को पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान एवं ट्रीमैन ऑफ इंडिया के नाम से मशहूर पर्यावरणविद् विष्णु लाम्बा परिंडे लगाकर करेंगे। इसके लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रत्येक थानाधिकारी सहित संबंधित लोगों को निर्देश भी जारी किए जा रहे हैं। अभियान के संबंध में मार्गदर्शन लेने हेतु विष्णु लाम्बा ने पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान से मुलाकात कर मार्गदर्शन भी प्राप्त किया है। प्रकृति एवं संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन को समर्पित संगठन श्री कल्पतरु संस्थान वर्षों से पर्यावरण संरक्षण जैसे अनेक सामाजिक सरोकारों से जुडक़र जमीनी स्तर पर सार्थक प्रयास करता आ रहा है। संस्थान द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों के लिए सरकार ने राजीव गांधी पर्यावरण संरक्षण पुरस्कार, अमृता देवी विश्नोई पुरस्कार, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम राष्ट्र निर्माण पुरस्कार जैसे अनेक सम्मान प्रदान किये है। साथ ही संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम के प्रमुख एरिक सोलहेम भी लाम्बा गांव जाकर संस्थान के कार्यों का निरीक्षण कर चुके है। संस्थान ने पिछले तीस वर्षों में देश और दुनियां में एक करोड़ साठ हजार से अधिक पौधे लगाकर कीर्तिमान कायम किया है।