MR (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) ने लव मैरिज के 5 दिन बाद ही ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया। 2 फरवरी को ही उसने लव मैरिज की थी। इसके बाद दोनों के परिवार राजी हो गए थे। 5 फरवरी को पत्नी ने साथ रहने से इनकार कर दिया और पीहर चली गई। इसके बाद उसकी साली और साढ़ू ने रेप के केस में फंसाने की धमकी देने लगे। इससे परेशान होकर सोमवार रात MR ने आत्मघाती कदम उठा लिया। मामला बाड़मेर का है।
6 साल से अफेयर
परिजनों की मानें तो महेश कुमार बालोतरा में पहले पढ़ाई के लिए अकेला रहता था। राधा भी साथ में पढ़ती थी। उसी दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए थे। फिलहाल महेश बतौर MR काम कर रहा था। महेश बालोतरा में ही रहता था। 6 साल से महेश और राधा के बीच अफेयर चल रहा था।
2 फरवरी को हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, समदड़ी निवासी महेश कुमार (24) पुत्र सत्यनारायण अग्रवाल ने बालोतरा की रहने वाली राधा गुप्ता (24) से 2 फरवरी को आर्य समाज में लव मैरिज कर ली थी। राधा के घरवालों को 4 फरवरी को इस बात की भनक लगी। दोनों परिवार वालों ने सहमति दे दी। जल्दी सामाजिक स्तर पर शादी करने की बात कही गई थी। महेश के परिजनों की रिपोर्ट के अनुसार, महेश की साली प्रिया बंसल व साढू चिराग बंसल ने राधा का ब्रेन वॉश कर डराया धमकाया। इसके बाद राधा ने महेश को मना कर दिया। साढू व साली ने महेश के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कराने की धमकी भी दी थी। महेश डिप्रेशन में चला गया था।