निवाई (सच्चा सागर)। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड स्थानीय संघ, निवाई के तत्वावधान में पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय निवाई में 17 से 20 जून तक आयोजित होने वाले ग्रीष्मकालीन कला कौशल एवं अभिरुचि शिविर का शानदार आयोजन किया जा रहा है। शिविर में स्थानीय बच्चे और स्काउट-गाइड्स बड़े उत्साह के साथ भाग लेकर अपने हुनर को तराश रहे हैं। संघ के सचिव विष्णुकांत शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर को बच्चों के सर्वांगीण विकास के अनुकूल बनाने के लिए इस बार कई महत्वपूर्ण और उपयोगी विधाओं को शामिल किया गया है। शिविर के दौरान नियमित रूप से निम्नलिखित कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।
डांस, ड्राइंग एंड पेंटिंग: बच्चों को रचनात्मक बनाने के लिए नृत्य की विभिन्न विधाओं के साथ-साथ ड्राइंग और पेंटिंग के गुर सिखाए जा रहे हैं, जिसमें बच्चे अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से उकेर रहे हैं।
सिलाई: बालिकाओं और संभागियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
स्काउट बैंड: शिविर का विशेष आकर्षण स्काउट बैंड का प्रशिक्षण है, जहाँ बच्चों को अनुशासन के साथ विभिन्न धुनों पर बैंड बजाने का अभ्यास कराया जा रहा है।
आत्मरक्षा प्रशिक्षण: वर्तमान समय की आवश्यकता को देखते हुए बच्चों, विशेषकर बालिकाओं को विषम परिस्थितियों से निपटने और खुद को सुरक्षित रखने के लिए आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं।
कंप्यूटर कक्षाएं: डिजिटल युग में बच्चों को तकनीक से जोडऩे के लिए कंप्यूटर की बुनियादी और महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जा रही हैं। प्रधानाचार्य गिरिराज प्रसाद गुर्जर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘इस शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों में छिपी हुई बहुमुखी प्रतिभा को बाहर निकालना है। डांस, सिलाई और कंप्यूटर जैसे आधुनिक व पारंपरिक कौशलों को सीखकर बच्चे भविष्य के लिए आत्मनिर्भर बन सकेंगे।’ गणित और अंग्रेजी का मिल रहा है निशुल्क प्रशिक्षण शिविर में कक्षा 9 एवं 10 के लिए गणित एवं रिजनिंग तथा इंग्लिश की विशेष कक्षाएं भी संचालित की जा रही है।
संभागियों में दिख रहा है जबरदस्त उत्साह
भीषण गर्मी के बावजूद शिविर में बच्चों की उपस्थिति और उनका उत्साह देखने लायक है। दक्ष प्रशिक्षक व्याख्याता लीना विजय, शारीरिक शिक्षक सुमन रूलानिया, रामअवतार कुमावत, पप्पू लाल मीणा, सोहनलाल वर्मा, राजेंद्र कुमार शर्मा द्वारा बेहद सरल और रोचक तरीके से सभी कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। शिविर में पदमचंद सोगानी, मांगीलाल थोरी, अशोक चौधरी सहित सभी अध्यापकों द्वारा व्यवस्थाएं संचालित की जा रही है। शिविर के समापन पर सभी बच्चों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
