तीन बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, दो गंभीर घायल


टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)।
कस्बे से केकड़ी रोड स्थित खाल के ढ़ाबे के पास रविवार शाम को हुए भीषण सडक़ हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दो बाइकों की आमने सामने हुई भिड़ंत के बाद एक ओर बाइक भी उनसे टकरा गई ऐसे में तीन बाइक की भिड़ंत से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जीवराज पुत्र शंकर गुर्जर निवासी डांग थाना अंराई के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल दो अन्य को हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च केंद्र रेफर किया गया। घायलों में प्रधान धाकड़ गांवडी कल्याणपुरा देवली तथा राकेश पुत्र मनोहर दरोगा सास पचेवर शामिल हैं। मृतक के चाचा भागू गुर्जर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसका भतीजा जीवराज अपने एक साथी के साथ बाइक से टोडारायसिंह की ओर आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे कल्याणपुरा गांवड़ी निवासी प्रधान पुत्र रामेश्वर धाकड़ ने लापरवाही और गफलत से बाइक चलाते हुए मेरे भतीजे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीवराज गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत सहायता करते हुए तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस से उप जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जीवराज को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया।वही आज सुबह पोस्टमार्टम  करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के गांव और परिजनों में शोक की लहर है।       


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने