‘पानी हमारा अधिकार है’ : बनेठा में जल संकट को लेकर आंदोलन की चेतावनी
बनेठा (सच्चा सागर)। बनेठा क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे पेयजल संकट को लेकर युवाओं ने सोशल मीडिया पर बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। ‘पानी हमारा अधिकार है, एहसान नहीं’ स्लोगन के साथ युवाओं ने जलदाय विभाग और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द स्थायी समाधान की मांग की है। युवाओं का कहना है कि ईसरदा डैम और बीसलपुर परियोजना क्षेत्र के नजदीक होने के बावजूद गांवों और कस्बे के कई मोहल्लों में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। ऊंचाई वाले इलाकों में पानी नहीं पहुंच रहा, जबकि कई स्थानों पर नल पूरी तरह सूखे पड़े हैं। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में केवल करीब 40 मिनट तक पानी सप्लाई दी जा रही है, जिससे लोगों की दैनिक जरूरतें भी पूरी नहीं हो पा रही हैं। युवाओं ने मांग की है कि पानी सप्लाई का समय बढ़ाकर कम से कम 1 से 1.5 घंटे किया जाए तथा सभी मोहल्लों का सर्वे कर स्थायी जल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही हर मोहल्ले में बीसलपुर पानी पॉइंट स्थापित करने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए अलग पाइपलाइन या टंकी व्यवस्था करने की मांग भी उठाई गई है। युवाओं ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कलेक्ट्रेट पर ज्ञापन देकर जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।