‘वीणा वाटिका तृतीय ऑनलाइन अंतरराष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता 2026’ का आयोजन

 बच्चों को मिलेगा वैश्विक मंच  

जयपुर (सच्चा सागर)। बच्चों की रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति और कला प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से  ‘वीणा वाटिका तृतीय ऑनलाइन अंतरराष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में भारत सहित विभिन्न देशों के 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे ऑनलाइन माध्यम से भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता की थीम ‘माय बडी नेचर (मेरा मित्र प्रकृति)’ रखी गई है। इसका उद्देश्य बच्चों को प्रकृति के प्रति जागरूक करना तथा कला के माध्यम से अपनी भावनाओं और कल्पनाओं को अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित करना है। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में प्राप्त कलाकृतियों का मूल्यांकन विभिन्न देशों के प्रतिष्ठित कलाकारों एवं निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा। निर्णायक मंडल में रूस, लंदन एवं यूनाइटेड किंगडम सहित कई देशों से जुड़े कला विशेषज्ञ शामिल रहेंगे, जो बच्चों की रचनात्मकता, रंग संयोजन और अभिव्यक्ति क्षमता का आकलन करेंगे। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान किए जाएंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को ई-प्रमाण पत्र दिया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर विभिन्न स्कूलों, कला शिक्षकों एवं आर्ट स्टूडियो में भी उत्साह देखा जा रहा है और बच्चों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि यह प्रतियोगिता बच्चों को अपनी कला को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करेगी। प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागी वीणा वाटिका वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं।  


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने