अमन चैन की दुआओ के साथ हजारों रोजेदारों ने अदा की जुमातुल विदा की नमाज
टोंक। जिलेभर में जुमातुल विदा की नमाज अदा की गई। हजारों लोगों ने एक साथ अमन चैन की दुआएं की। इस मौके पर वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ भी विरोध दर्ज कराया गया। हाथ पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया गया। जिला भर में शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा की गई। इस मौके पर काफिला बाजार, बड़ा कुआं क्षेत्र में विशेष नमाज के इंतजाम किए गए जिसमें दुकानदारों नगर परिषद व पुलिस प्रशासन आदि ने भी पूरा सहयोग किया। मौलवी सईद साहब ने सभी का शुक्रिया अदा किया तथा एकता भाईचारे के साथ त्योहार मनाए जाने पर जोर दिया गया। मौलवी साहब ने मुल्क में अमन चैन की दुआएं की। कचहरी दरवाजे से सुभाष बाजार तक नमाजियों की लंबी-लंबी कतारें नजर आई। उधर शाही जामा मस्जिद अमीरगंज के आसपास भी हजारों नमाजियों ने नमाज अदा की। काफला जामा मस्जिद में मौलवीं सईद साहब ने, शाही जामा मस्जिद अमीरगंज में इस्लाहुद्दीन खिजर ने नमाज अदा कराई।
इसी प्रकार जिलेभर की जामा मस्जिदों में भी जुमातुल विदा की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद ईद की खरीदारी भी परवान पर आने लगी है। चांद दिखाई देने पर ईद 31 मार्च को होगी। जिलेभर में शुक्रवार के दिन सामूहिक रोजा इफ्तार कार्यक्रम भी कई आयोजित किए गए।


